देहरादून में आजाद समाज पार्टी की समीक्षा बैठक, मिशन 2027 को लेकर बनी रणनीति, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर, प्रदेश पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में जीएमएस रोड स्थित सांई गेस्ट हाउस में आजाद समाज पार्टी की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य पार्टी के आगामी मिशन 2027 को लेकर संगठन की तैयारियों और रणनीति पर चर्चा करना रहा। बैठक का आयोजन धर्मपुर विधानसभा प्रत्याशी योगेन्द्र चौहान द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रभारी गौरी प्रसाद उपासक मौजूद रहे, जबकि बैठक की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम ने की। इस दौरान पार्टी के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की।

समीक्षा बैठक के दौरान आजाद समाज पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी युवा मोर्चा जयेंद्र कश्यप का पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। बैठक में देहरादून में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए केवल विधानसभा और जिला स्तर पर ही नहीं, बल्कि बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत करना जरूरी है। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश सचिव प्रीतम कुलवंशी द्वारा किया गया।

पार्टी के संरक्षक एवं पूर्व जज श्री सीएल भारती ने बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के मिशन और विचारधारा पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिस मिशन को लेकर आजाद समाज पार्टी आगे बढ़ रही है, उसकी नींव बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने रखी थी और मान्यवर साहेब कांशीराम ने इस मिशन को आगे बढ़ाने का काम किया। उन्होंने कहा कि अब इसी मिशन को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी के विचारों को आम जनता तक पहुंचाने की अपील की।

प्रदेश प्रभारी गौरी प्रसाद उपासक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी-अपनी विधानसभा में बूथ स्तर पर मजबूती से काम करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए बूथ कमेटियों और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने मान्यवर कांशीराम साहेब के 51 प्रतिशत वाले फार्मूले का जिक्र करते हुए कहा कि यदि संगठन बूथ स्तर पर मजबूती से काम करता है और समाज के विभिन्न वर्गों को पार्टी से जोड़ता है, तो विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूती मिल सकती है।

बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आजाद समाज पार्टी प्रदेश में भाजपा की “चूलें हिलाने” की मुहिम और मिशन पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्गों पर लगातार बढ़ते हमलों और अपराधों पर अंकुश लगाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को मजबूती से उठाने और आम जनता की आवाज बनने के लिए लगातार काम कर रही है। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष रामू राजौरिया, प्रदेश सचिव प्रीतम कुलवंशी, प्रदेश युवा मोर्चा दलीप वर्मन, जिला प्रभारी टिंकू सहगल, महानगर अध्यक्ष मनोज कुमार, संस्थापक सदस्य सुबोध कुमार, विधानसभा अध्यक्ष ओमप्रकाश, जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा जगदीप कुमार, जिला मीडिया प्रभारी सुशील सैनी समेत कलीम भाई, अब्दुल आकीब, राहुल कुमार, आशीष कुमार, ममराज राणा, धीरज कुमार, सुशांत कुमार, अर्चित कुकरेती, सहजाद अहमद, मोहित वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






