राज्य के 39 अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू; 10 जनवरी से करें आवेदन
• कक्षा 6 से 9 तक की रिक्त सीटों पर होगा नामांकन, परीक्षा 1 मार्च 2026 को
• पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग की छात्राओं को मिलेगी निःशुल्क शिक्षा एवं आवासन
पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार सरकार ने राज्य के सभी जिलों में संचालित 39 अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया की घोषणा कर दी है । इन विद्यालयों में पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग की छात्राओं को निःशुल्क आवासन एवं शिक्षण की सुविधा प्रदान की जाती है ।
रिक्तियों का विवरण: विभाग द्वारा कक्षा 6, 7, 8 और 9 में संभावित रिक्तियों के विरुद्ध आवेदन आमंत्रित किए गए हैं:
• कक्षा VI: 1560 सीटें
• कक्षा VII: 336 सीटें
• कक्षा VIII: 114 सीटें
• कक्षा IX: 149 सीटें
नामांकन प्रक्रिया एवं पात्रता: नामांकन के लिए छात्राओं का चयन वस्तुनिष्ठ परीक्षा (Objective Exam) के आधार पर किया जाएगा । यह परीक्षा 2 घंटे की होगी और इसमें कुल 100 अंकों के प्रश्न (हिन्दी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान से 20-20 अंक) पूछे जाएंगे ।
• आय सीमा: आवेदिका के माता-पिता/अभिभावक की वार्षिक आय अधिकतम 3 लाख रुपये होनी चाहिए ।
• आयु सीमा (01.04.2026 को): कक्षा VI के लिए 10-13 वर्ष, कक्षा VII के लिए 11-14 वर्ष, कक्षा VIII के लिए 12-15 वर्ष और कक्षा IX के लिए 13-16 वर्ष निर्धारित है ।
महत्वपूर्ण तिथियां:
• ऑनलाइन आवेदन: 10.01.2026 से 09.02.2026 तक
• प्रवेश पत्र (Admit Card) डाउनलोड: 15.02.2026 से 22.02.2026 तक
• परीक्षा की तिथि: 01.03.2026 (रविवार)
• परीक्षाफल प्रकाशन: 13.03.2026
• नामांकन की अवधि: 16.03.2026 से 23.03.2026 तक
• कक्षा प्रारम्भ: 01.04.2026
आवेदन कैसे करें: इच्छुक छात्राएं विभागीय वेबसाइट bcebconline.bihar.gov.in के माध्यम से पूर्णतः ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं । किसी भी कठिनाई की स्थिति में आवेदक अपने जिले के ‘जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय’ में संपर्क कर सहयोग प्राप्त कर सकते हैं ।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा एवं नामांकन पूरी तरह निःशुल्क है । अधिक जानकारी के लिए विभाग की वेबसाइट या संबंधित जिला पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।







